मध्यप्रदेश / डिपो में 240 वैगन की मरम्मत, 50 ऑक्सीजन सिलेंडर की ट्रॅालियां भी बना दीं

कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए रेलवे लगातार तैयारी कर रहा है। 70 कोच को आइसोलेशन वार्ड में बदलने के बाद अब डीजल शेड ने मंडल चिकित्सालय में बनाए गए स्पेशल आइसोलेशन वार्ड के लिए 50 ऑक्सीजन सिलेंडर ट्रॅाली बना दी है। वहीं जरूरी सामान की आपूर्ति में बाधा न आए इसलिए शंभुपुरा डिपो में मालगाड़ियों के वैगन की रिपेयरिंग का काम जोरों पर चल रहा है। डिपो में लॉकडाउन के 19 दिनों में 240 वैगन की मरम्मत हो चुकी है। 
गेंहू, चावल, पेट्रोल, सीमेंट, कोयला, दूध आदि सामान को देश के विभिन्न भागों तक पहुंचाने के लिए लगातार मालगाड़ियां चलाई जा रही है। लॉकडाउन के 19 दिनों में 220 से ज्यादा गुड्स ट्रेन मंडल के विभिन्न स्टेशनों से चली या गुजर चुकी है। इसके चलते शंभुपुरा डिपो के कर्मचारियों को दिन-रात जुटकर वैगन की रिपेयरिंग करना पड़ रही है। डिपो द्वारा लॉकडाउन के दौरान अब तक 57 मालगाड़ियां चेक की जा चुकी है। इसके अलावा 240 खराब वैगनों की रिपेयरिंग तथा 20 वैगन का आरओएच (रुटिन ओवर हॉलिंग) किया गया है। 


ऑक्सीजन सिलेंडर ट्रॉिलयां लगाई आइसोलेशन वार्ड में 
डीजल शेड ने चार दिन में 50 ऑक्सीजन सिलेंडर ट्रॉली बनाकर मंडल चिकित्सालय को सौंप दी है। कोविड-19 के मद्देनजर आइसोलेशन वार्डों में ऑक्सीजन की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक विनीत गुप्ता ने डीजल शेड को ट्रॉली बनाने को कहा था। चार दिन पहले सीनियर डीएमई (डीजल) एसके गुप्ता ने सैंपल तैयार करवाया था। इसे मंडल चिकित्सालय से मंजूर किए जाने के बाद अब तक शेड ने 50 ट्रॉली बनाकर चिकित्सालय को दे दी है। इन ट्रॉलियों को आइसोलेशन वार्ड में लगा दिया गया है।